



नई दिल्ली, दिल्ली के दक्षिण पूर्वी जिले के सरिता विहार इलाके से ऐसी खबर आई जिसको लेकर इंसानियत शर्मसार हो गई। यहां पर एक शख्स की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस व्यक्ति का गुनाह सिर्फ इतना था कि वो शादी में बिना बुलाए खाना खाने पहुंच गया। इसी बात से नाराज होकर बारातियों ने उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी।
मृतक व्यक्ति कौशल मुखिया जिसकी उम्र 50 वर्ष बताई गई है। उसके परिजनों के अनुसार टेंट वाले कौशल के जानकार थे, उनसे मिलने के लिए वह शादी-पार्टियों में जाते रहते थे। मृतक कौशल मुखिया परिवार के साथ सरिता विहार इलाके में रहते थे। शुक्रवार रात करीब 11 बजे वह घूमने के लिए निकले। इसके बाद वो आली विहार पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर स्थित बारात घर में पहुंच गए। जहां शक होने पर बारातियों ने उनसे पूछताछ की तो पता चला कि उन्हें शादी में आमंत्रित नहीं किया गया था।
इसी बात को लेकर कौशल और बारातियों के बीच कहासुनी हो गई और फिर लाठी-डंडों से उनकी पिटाई कर दी गई। साथ ही उनके गले में लपेटे हुए गमछे से उनका मुंह ढंक कर पीटा गया। गंभीर रूप से घायल कर उन्हें बारात के पंडाल से बाहर फेंक दिया। इसके बाद दो युवक कौशल के घर पहुंचे और उनके बाहर पड़े होने की सूचना दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। वह उन्हें लेकर अस्पताल गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।