



लखनऊ, नगर निगम लखनऊ में वार्डों की आरक्षण सूची जारी होने के बाद चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर निगम अफसरों के साथ बैठक के बाद जिला प्रशासन ने नामांकन केंद्र तय कर दिए हैं। इस बार कोई भी नामांकन कलेक्ट्रेट में नहीं होगा। भीड़ घटाने को मेयर और पार्षदों के लिए अलग-अलग आठ जगहों पर नामांकन किया जाएगा।
नगर निगम चुनाव के चलते सभी अलग-अलग जोन में नामांकन स्थलों की जिम्मेदारी नगर निगम को दी गई है। यहां साफ-सफाई आदि व्यवस्थाएं उसे करानी होंगी। जिला प्रशासन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
यहां होंगे नामांकन
– महापौर के लिए नामांकन नगर निगम मुख्यालय लालबाग में होगा।
– जोन एक के पार्षद का नामांकन भी नगर निगम मुख्यालय में होगा।
– जोन दो का नामांकन आवास विकास परिषद ई-ब्लॉक राजाजीपुरम।
– जोन तीन के पार्षद पद का नामांकन कल्याण मंडप महानगर में होगा।
– जोन चार के पार्षद का नामांकन निगम कार्यालय जोन 4 गोमतीनगर में।
जोन पांच के पार्षद का नामांकन सामुदायिक केंद्र लोनिवि बंगला बाजार-1 में।
– जोन छह का नामांकन सामुदायिक केंद्र आवास विकास ई-ब्लॉक राजाजीपुरम में।
– जोन सात के पार्षद पद का नामांकन कल्याण मंडप महानगर में किया जाएगा।
– जोन आठ के पार्षद पद का नामांकन सामुदायिक केंद्र लोनिवि बंगलाबाजार नंबर-2 में।
रमाबाई रैली स्थल में मतगणना
प्रशासन ने मतदान टोलियां रवाना करने और मतगणना स्थल भी निर्धारित कर दिए हैं। स्मृति उपवन आशियाना से सभी मतदान टोलियां रवाना होंगी। डॉ. रमाबाई अंबेडकर रैली स्थल पर वोटिंग मशीनों की वापसी होगी। यहीं वोटिंग मशीनें जमा भी होंगी। मतगणना भी रमाबाई अंबेडकर रैली स्थल पर होगी।