Date :

UP Nikay Chunav 2023 तारीखों का हुआ ऐलान, यहाँ जानिए पहले-दूसरे चरण में किन किन सीटों पर होगा चुनाव

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में नगर निकाय चुनाव 2023 की तारीखों का ऐलान हो गया है इसके साथ ही राज्य में आचार संहिता भी लागू कर दी गयी है। प्रदेश में दो चरणों में निकाय चुनाव होंगे। पहला चरण 4 मई और दूसरा चरण 11 मई को होगा। वहीं 13 मई को मतगणना की जायेगी। बता दें, राज्य चुनाव आयुक्त मनोज कुमार ने इसकी घोषणा की है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘राज्य के 760 नगरीय निकाय चुनाव के अन्तर्गत कुल 14,684 पदों पर चुनाव होंगे।’

 

उत्तर प्रदेश राज्य चुनाव आयोग ने रविवार,9 अप्रैल को राज्य में दो चरणों में निकाय चुनावों की घोषणा की। वहीं तीन महीने बाद इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने निकाय चुनावों में ओबीसी आरक्षण प्रदान करने वाली राज्य सरकार की मसौदा अधिसूचना को रद्द कर दिया।

ओबीसी को मिली 205 सीटें

यूपी सरकार ने 30 मार्च को ओबीसी आरक्षण का ड्राफ्ट जारी किया था जिसके बाद चुनावों का रास्ता साफ हुआ। प्रदेश की 760 नगर निकायों में 205 सीटें ओबीसी के लिए आरक्षित हैं।

शहरीय स्थानीय निकाय चुनाव के बारे में जानें

राज्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि इसमें 17 महापौर, 1420 पार्षद, नगर पालिका परिषदों के 199 अध्यक्ष, नगर पालिका परिषदों के 5327 सदस्य, नगर पंचायतों के 544 अध्यक्ष और नगर पंचायतों के 7178 सदस्यों के निर्वाचन के लिये चुनाव होगा।

इन शहरों में चुनी जाएंगी महिला मेयर

राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) के मनोज कुमार ने रविवार, 9 अप्रैल को प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी कि यूपी में लखनऊ, कानपुर और गाजियाबाद में महिला मेयर होंगी। वहीं आगरा में अनुसूचित जाति की एक महिला मेयर होंगी।

पहले व दूसरे चरण के बारे में जानें

राज्य चुनाव आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि पहले चरण में 11 अप्रैल से नामांकन पत्रों की खरीद और जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। यह प्रक्रिया 17 अप्रैल तक चलेगी। इसके साथ ही पहले चरण में नामांकन पत्रों की जांच 18 अप्रैल को और नामांकन वापसी के लिए 20 अप्रैल की तारीख तय की गयी है। बता दें, चुनाव आयोग ने चुनाव चिन्ह आवंटन के लिए 21 अप्रैल की तारीख तय की है। वहीं प्रथम चरण का मतदान 4 मई को होगा।

दूसरे चरण के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में 17 अप्रैल से नामांकन पत्रों की खरीद और जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और यह 24 अप्रैल तक चलेगी। दूसरे चरण में नामांकन पत्रों की जांच 25 अप्रैल को और नामांकन वापसी के लिए 27 अप्रैल की तारीख चुनी गयी है। इसके अलावा आयोग ने चुनाव चिन्ह आवंटन के लिए 28 अप्रैल की तारीख तय की है। दूसरे चरण का मतदान 11 मई 2023 को होगा, दोनों चरणों की मतगणना 13 मई को होगी।

जानें पहले व दूसरे चरण में कहां होंगे चुनाव

आज तक की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य चुनाव आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि सहारनपुर, मुरादाबाद, आगरा, झांसी, प्रयागराज, लखनऊ, देवीपाटन, गोरखपुर और वाराणसी मंडल के 37 जिलों का चुनाव पहले चरण में होगा। वहीं मेरठ, बरेली, अलीगढ़, कानपुर, चित्रकूट, अयोध्या, बस्ती, आजमगढ़ और मिर्जापुर मंडल के 38 जिलों का चुनाव दूसरे चरण में कराया जाएगा। बता दें, इससे पहले साल 2017 में नगरीय निकाय चुनाव हुए थे। वहीं इस बार कुल 107 निकायों की वृद्धि हुई है। इसमें एक नगर निगम, एक नगर पालिका परिषद और 105 नगर पंचायतें शामिल हैं।

नगर निगम में महापौर की सीटें

अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार, नगर निगम में महापौर की 17 सीटें हैं जिसमें

अनारक्षित 8
महिला 3
ओबीसी महिला 2
ओबीसी 2
एससी महिला 1
एससी 1

नगर पालिका परिषद अध्यक्ष की सीटें- 199

श्रेणी आरक्षण
अनारक्षित 89
महिला 33
ओबीसी 30
ओबीसी महिला 23
एससी महिला 16
एससी 8

नगर पंचायतों में अध्यक्ष की सीटें- 544

अनारक्षित 240
ओबीसी 76
ओबीसी महिला 75
महिला 69
एससी महिला 61
एससी 23

आयोग द्वारा निर्वाचन की अधिसूचना ज़ारी करने से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार को नगर निगमों के महापौर, नगर परिषद और नगर पंचायतों के अध्यक्षों के लिए अंतिम आरक्षण सूची जारी की थी। अंतिम अधिसूचना के अनुसार, आगरा के महापौर सीट अनुसूचित जाति (महिला), झांसी की सीट अनुसूचित जाति(एससी), शाहजहांपुर और फिरोजाबाद की सीट ओबीसी (महिला), सहारनपुर और मेरठ की सीट ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग), लखनऊ, कानपुर और गाजियाबाद महिलाओं के लिए आरक्षित की गई है।वाराणसी, प्रयागराज, अलीगढ़, बरेली, मुरादाबाद, गोरखपुर, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन की आठ महापौर सीटें अनारक्षित होंगी। राज्‍य में 760 नगर निकायों के लिए जिसमें 17 नगर निगम की 199 नगर पालिका परिषद की और 544 नगर पंचायतों की आरक्षण की अधिसूचना जारी कर दी गयी है।

कमल का फूल दबाएं – यूपी के डिप्टी सीएम ने कहा

यूपी के डिप्टी मुख्य मंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने ट्वीट करते हुए लिखा,’नगर निकाय चुनाव के ऐलान का स्वागत करता हूँ! भाजपा का एक एक कार्यकर्ता चुनाव में विजय के विधानसभा चुनाव के बाद से तैयारी कर रहा है! मुझे पूर्ण विश्वास है जनता का आशीर्वाद भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार बनाने के लिए मिलेगा! विपक्ष मुद्दा विहीन,जनता से बहुत दूर, सुशासन के लिए कमल का फूल।’

 

2024 में होने वाले लोकसभा से पहले यह चुनाव सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा और प्रमुख विपक्षी समाजवादी पार्टी सहित अन्य राजनीतिक पार्टियों के लिए खुद को मज़बूत करने के लिए एक अवसर की तरह है। इस चुनाव के परिणाम, आगे आने वाले चुनाव की रुपरेखा तैयार करने में पार्टियों की मदद करने का काम करेंगे।

Related Posts

Cricket

Panchang

Gold Price


Live Gold Price by Goldbroker.com

Silver Price


Live Silver Price by Goldbroker.com

मार्किट लाइव

hi Hindi
X