Bharat Jodo Nyay Yatra: असम के गुवाहाटी में पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, पार्टी ने यात्रा रोकने का आरोप लगाया

गुवाहाटी, असम के गुवाहाटी में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की घटना सामने आई है। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर जानकारी देते हुए कहा है कि आज असम के गुवाहाटी में प्रवेश कर रही ‘ भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को पहले रोका गया और फिर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लाठियों से पीटा गया।

कांग्रेस ने कहा, “घायल कार्यकर्ताओं के मुताबिक, पुलिस के साथ BJP के गुंडे भी थे, जिन्होंने उनपर डंडे चलाए। याद रहे.. हम इससे रुकने वाले नहीं। ये यात्रा जन-जन की यात्रा है। ये अन्याय के खिलाफ न्याय की यात्रा है।”

एक अन्य पोस्ट में पार्टी की तरफ से कहा गया, “असम में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को बैरिकेड लगाकर रोक दिया गया है। ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ की बुलंद आवाज से डरी-सहमी असम सरकार ऐसी कायर और शर्मनाक हरकतों से बाज नहीं आ रही। BJP ये न भूले कि ये जनता की आवाज है, इसे किसी भी कीमत पर कुचला और दबाया नहीं जा सकता। हमारी राह के ये कांटे, हमारी हिम्मत को और बढ़ा रहे हैं, हमें और मजबूत कर रहे हैं। हम किसी से डरने वाले नहीं हैं। ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ जारी है…।”

बता दें कि इस यात्रा में राहुल गांधी सबसे ज्यादा असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर हमलावर हैं। कांग्रेस ने असम सरकार पर आरोप भी लगाए हैं। पार्टी ने कहा, “आज एक यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी जी का छात्रों से संवाद कार्यक्रम था। लेकिन अचानक यूनिवर्सिटी ने यह कार्यक्रम कैंसल कर दिया। लेकिन आज जब ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ यूनिवर्सिटी के सामने से गुजर रही थी तब यूनिवर्सिटी के छात्र राहुल गांधी जी से मिलने सड़क पर इकठ्ठा हो गए। इस बेपनाह मोहब्बत को देख राहुल गांधी जी वहां रुके और छात्रों से बात की।”

बातचीत में राहुल गांधी ने कहा, हिंदुस्तान के गृहमंत्री ने असम के मुख्यमंत्री को फोन कर कहा- “राहुल गांधी को यूनिवर्सिटी के छात्रों से मिलने मत देना। फिर हिमंत सरमा ने यहां के यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट को फोन लगाया और कहां कि राहुल गांधी असम और नॉर्थ ईस्ट के छात्रों से नहीं मिल सकते। इसलिए मैं आपकी यूनिवर्सिटी में आपसे मिलने नहीं आ पाया।”

 

Related Posts