भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश में पूरी तरह फेल : मनीष सिसोदिया0

लखनऊ, आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में रविवार को आगरा में तिरंगा संकल्प यात्रा निकाली।

इस दौरान मनीष सिसोदिया ने कहा, आजादी के 75 साल होने के बाद भी उत्तर प्रदेश में ना तो अच्छे स्कूल हैं, ना ही अच्छे अस्पताल हैं. भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश में पूरी तरह फेल रही है।

सिसोदिया ने कहा, उप्र में ना महिलाओं को सुरक्षा है, ना ही किसानों को अधिकार है. आज उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था की हालत इतनी खराब है कि आजादी के 75 साल में भी उत्तर प्रदेश में एक प्रसूता को अस्पताल में बेड न मिलने की वजह से रोड पर बच्चे को जन्म देना पड़ रहा है. उन्होंने कहा, आप पार्टी उत्तर प्रदेश में तिरंगा यात्रा निकाल संकल्प लेगी कि इस तिरंगे के नीचे रहने वाले हर बच्चे, महिला, बुजुर्ग और किसान को उनका अधिकार मिले।

राज्यसभा संसाद संजय सिंह ने बताया कि 14 सितंबर को प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा. इसके बाद उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा. संजय सिंह ने कहा कि इस तिरंगा यात्रा के जरिए आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश की जनता को भाजपा के कथित राष्ट्रवाद और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रवाद के बारे में बताएगी।

भाजपा सरकार पर हमला करते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा कि, उत्तर प्रदेश सरकार अपने नाकारापन से इतनी शर्मसार है कि जब किसी दूसरे राज्य का शिक्षामंत्री उत्तर प्रदेश के स्कूलों को देखने आया तो उसे रोकने के लिए पुलिस लगा दी गई, गिरफ्तार किया गया. शिक्षा पर बहस की बात की गई तो उत्तर प्रदेश के शिक्षामंत्री डर के मारे आए ही नहीं.आजादी के 75 साल बाद भी आज उत्तर प्रदेश में ये हालत है कि मिड-डे-मील में बच्चों को नून-तेल रोटी दिया जा रहा है. जब कोई पत्रकार इस पर सवाल उठाए तो उसे गिरफ्तार कर 6 महीने के लिए जेल में डाल दिया जाता है।

Related Posts