पुणे में इंद्रायणी नदी पर बना पुल टूटा:स्थानीय विधायक का दावा- 6 लोगों की मौत; 38 लोग लापता, तलाश जारी

पुणे, महाराष्ट्र के पुणे की इंद्रायणी नदी में पुल गिरने से 10 से 15 पर्यटक फंस गए हैं, कुछ का रेस्क्यू किया गया है। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कई लोग पानी के तेज बहाव में बह गए हैं। इस समय रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लोगों को बचाने की कोशिश हो रही है।

बताया जा रहा है कि जिस समय पुल पर कई पर्यटक चढ़े हुए थे, तब वो अचानक से टूट गया। बड़ी बात यह है कि इस पुल को दो से तीन महीने पहले बंद कर दिया गया था, लेकिन फिर भी यहां पर्यटक लगातार आ रहे थे। इसी वजह से जांच की जाएगी कि यह हादसा कहीं किसी लापरवाही की वजह से तो नहीं हुआ। इस समय मौके पर भारी भीड़ मौजूद है, स्थानीय लोग भी लगातार मदद कर रहे हैं।

जानकारी के लिए बता दें कि पुणे की इंद्रायणी नदी एक बड़ा पर्यटन स्थल है, हर साल इस मौसम कालोग यहां आते हैं। लेकिन पिछले कुछ समय से इस पुल को बंद किया गया था, लेकिन फिर भी लोगों का आना जारी था। शुरुआती जानकारी के अनुसार ज्यादा दबाव की वजह से पुल टूट गया।

विधायक सुनील शेलके ने पहले दावा किया था कि हादसे में 6 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें बच्चे भी शामिल हैं। हालांकि CM देवेंद्र फडणवीस और पुणे जोन 2 के DCP ने 2 लोगों की मौत की पुष्टि की है। NDRF की टीमों ने 6 लोगों का रेस्क्यू किया है।

बताया जा रहा है कि यह हादसा उस वक्त हुआ, जब कई लोग नदी के तेज बहाव को देखने के लिए खड़े थे।

हादसे वाली जगह पुणे से 30 किमी दूर, वीकेंड मनाने पहुंचते हैं लोग

पुणे से कुंडमाला की दूरी 30 किमी है। यह जगह मुंबई के रास्ते में एक्सप्रेसवे में एंट्री करने से पहले स्थित है। वीकेंड पर यहां हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं।

पुल जर्जर था, क्षमता से ज्यादा लोग, गाड़ियों की आवाजाही भी थी

शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह पुल पहले से ही बहुत खराब और जर्जर स्थिति में था। हादसे के समय पुल पर क्षमता से अधिक पर्यटक मौजूद थे। लोग टू-व्हीलर और मोटरसाइकिल ले जा रहे थे। इसी वजह से पुल भार सहन नहीं कर सका।

इससे पहले गुजरात के मोरबी में 30 अक्टूबर 2022 को एक सस्पेंशन ब्रिज गिर गया था। हादसे में 135 लोगों की मौत हो गई थी। ब्रिज की क्षमता करीब 100 लोगों की थी, लेकिन रविवार को छुट्टी होने के चलते इस पर करीब 500 लोग जमा थे। यही हादसे की वजह बना। ब्रिज टूटने से जहां लोग गिरे, वहां 15 फीट तक पानी था। कुछ लोग तैरकर बाहर निकल आए थे। लेकिन बाकी लोग बच नहीं सके थे।

Related Posts