बाराबंकी से होगी काँग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा की शुरुआत, प्रियंका गांधी दिखाएंगी हरी झंडी

लखनऊ, कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा का रूट तय हो गया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी 23 अक्टूबर को बाराबंकी में यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगी। ये यात्रा एक साथ तीन अलग-अलग जगहों से रवाना होगी।

पूर्व राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, राजेश मिश्र वाराणसी में यात्रा को रवाना करेंगे। तो सहारनपुर में कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद और आचार्य प्रमोद कृष्णम यात्रा को झंडी दिखाएंगे।

प्रियंका गांधी ने निर्णय लिया है कि प्रतिज्ञा यात्रा निकाली जाए, क्योंकि घोषणा सिर्फ घोषणा रह जाती है। इसीलिए प्रतिज्ञा यात्रा निकाली जा रही है। हम जनता के बीच प्रतिज्ञा यात्रा निकालकर उन्हें अपने वादों और बीती सरकारों की कार्यशैली के बारे में बताएंगे। वाराणसी यात्रा के प्रभारी प्रमोद तिवारी और राजेश मिश्रा रहेंगे।

बाराबंकी में प्रतिज्ञा यात्रा को प्रियंका गांधी फ्लैग ऑफ करेंगी। यहां प्रभारी पीएल पुनिया, नसीमुद्दीन और प्रदीप जैन रहेंगे। शुक्रवार को प्रदेश पार्टी कार्यालय में कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा, पीएल पुनिया, नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रतिज्ञा यात्रा रूट के बारे में जानकारी दी।

यात्रा का पूरा रूट प्लान
यूपी कांग्रेस के मीडिया सेल के चेयरमैन नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि कल 23 अक्टूबर से 1 नवंबर तक राज्य में तीन प्रतिज्ञा यात्राएं निकाली जाएंगी। जिसका पहला रूट वाराणसी से शरू होकर रायबरेली तक निर्धारित किया गया है। दूसरा रूट बाराबंकी से बुंदेलखंड झांसी तक निर्धारित किया गया है। तीसरा रूट सहारनपुर से शुरू होकर मथुरा तक निर्धारित किया गया है। तीनों यात्राएं 23 अक्टूबर से शुरू होकर 1 नवंबर को समाप्त होगी।

रूट-1
वाराणसी से शुरू होकर रायबरेली में समाप्त होगा। इसमें चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, प्रयागराज, प्रतापगढ, अमेठी जिले शामिल होंगे। इस रूट का नेतृत्व पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी, पूर्व सांसद राजेश, पूर्व विधायक नदीम जावेद करेगें।

रूट-2
बाराबंकी से शुरू होकर झांसी में समाप्त होगा। इसमें लखनऊ, उन्नाव, फतेहपुर, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, जालौन जिले शामिल होंगे। इस रूट का नेतृत्व पूर्व सांसद पीएल पुनिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य और मीडिया विभाग के चेयरमैन व पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार नसीमुद्दीन सिद्दीकी करेंगे।

रूट-3
सहारनपुर से शुरू होकर मथुरा में समाप्त होगा। इसमें मुजफ्फरनगर, बिजनैर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, अलीगढ़, हाथरस, आगरा जिले शामिल होंगे। इसका नेतृत्व पूर्व केन्द्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद एवं लखनऊ से कांग्रेस के पूर्व सांसद प्रत्याशी आचार्य प्रमोद कृष्णम करेंगे।

Related Posts