कांग्रेस 2022 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर अकेले लड़ेगी चुनाव : प्रियंका गांधी

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में चुनावों को लेकर राजनीतिक पारा आए दिन बढ़ता ही जा रहा है. साल 2022 की शुरुआत में ही राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने चुनावों से पहले अकेले लड़ने का ऐलान किया है।

बुलंदशहर में प्रतिज्ञा सम्मेलन लक्ष्य 2022 कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, कई पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुझसे आगामी विधानसभा चुनाव के लिए किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करने के लिए कहा. मैं आप सभी को आश्वस्त करना चाहती हूं कि हम सभी सीटों पर लड़ेंगे और अकेले लड़ेंगे. कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी रविवार को छोटीकाशी यानी अनूपशहर में वेस्ट यूपी के 14 जिले के कांग्रेस पदाधिकारियों को विधानसभा चुनाव में जीत दिलाने की प्रतिज्ञा कराने पहुंची थीं.

 

प्रियंका ने कहा कि हम यहां पर कांग्रेस को मजबूत करने आए हैं, क्योंकि कांग्रेस ही इस देश के लिए खड़ी है. इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी बीजेपी और विपक्ष पार्टियों एसपी और बीएसपी पर भी जमकर हमला बोला. प्रियंका गांधी ने कहा, ‘नेहरू जी ने कहा था, भारत माता की जय के नारे में किसान, मजदूर, महिला, श्रमिक, सैनिक, एक-एक देशवासी की जय है. गांधी, नेहरू, पटेल, अंबेडकर जैसे तमाम स्वतंत्रता सेनानियों को आजादी का मतलब मालूम था. बीजेपी नेतृत्व आजादी की आदर नहीं करता।

गंगा किनारे दुर्गा प्रसाद बलजीत सिंह महाविद्यालय में आयोजित लक्ष्य 2022 पदाधिकारी प्रतिज्ञा सम्मेलन में जब प्रियंका गांधी ने बोलना शुरू किया तो कार्यकर्ताओं ने तालियों से उनके भाषण का स्वागत किया. प्रियंका गांधी अपने संबोधन के दौरान UP की पुलिस व्यवस्था पर भी बोलीं. उन्होंने कहा, योगी राज में महिलाओं और गरीबों पर जुल्म बढ़े हैं. प्रियंका गांधी ने बुलंदशहर की जनता से भी कई वादे किए. गोरखपुर की प्रतिज्ञा वादा दोहराते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनी तो महिलाओं की सुरक्षा और युवाओं को रोजगार मुहैया कराया जाएगा।

Related Posts