उत्तर प्रदेश में डेंगू का कहर लगातार जारी, मरीजों की संख्या हुई 18 हज़ार के पार

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में डेंगू के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बीते दिनों हुई बारिश डेंगू और मलेरिया के मच्छरों के लिए और मुफीद रही। उसके चलते फिर डेंगू मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के हिसाब से ही प्रदेश में डेंगू मरीजों की संख्या 18 हजार को पार कर गई है। जबकि वास्तविक आंकड़ा इससे कहीं अधिक है।

डेंगू के मरीजों को संख्या के लिहाज से देखें तो पिछले पांच साल में इस बार की संख्या सबसे अधिक है। उधर, विभाग ने सर्विलांस को और तेज कर दिया है। प्रदेश में अब तक मिले डेंगू के कुल मामलों की बात करें तो इनमें एक तिहाई से अधिक संख्या अकेले फिरोजाबाद जिले की है। वहां अब तक छह हजार से ज्यादा मरीज मिल चुके हैं।

इसके अलावा कन्नौज, मेरठ, मथुरा, लखनऊ, झांसी, गाजियाबाद, प्रयागराज सहित कई अन्य जिलों में भी मरीजों की संख्या 500 से अधिक है। प्रदेश में सिद्धार्थनगर और बिजनौर को छोड़ अभी तक बाकी सभी 73 जिलों में डेंगू के केस मिल चुके हैं। सरकारी आंकड़ों में अभी तक सात मौतें ही दर्ज हैं।

हाल ही में मुरादाबाद में भी अचानक एक साथ काफी केस सामने आए हैं। उधर, स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों को चिन्हित करने के लिए सर्विलांस को और तेज कर दिया है। जांच की संख्या में इजाफा करने के साथ ही तमाम नई जगहों पर भी जांच की व्यवस्था की गई है।

2016 में दर्ज हुई थीं सर्वाधिक मौतें

बीते पांच सालों में प्रदेश में डेंगू की स्थिति देखें तो वर्ष 2016 में डेंगू के 11481 मामले सामने आए थे। हालांकि तब 42 मौतें भी सरकारी रिकार्ड में दर्ज हुई थीं। 2017 में डेंगू मरीजों की संख्या 3099 रही। जबकि मौतें 28 थीं। 2018 में 3829 मरीज मिले थे और मौत 4 थीं। वर्ष 2019 में फिर 11640 मामले सामने आए थे। तब डेंगू से मरने वालों की संख्या 27 थी। 2020 में 3715 मरीज मिले थे और मौतें 6 दर्ज हुई थीं। जबकि इस साल 18 हजार से अधिक केस अब तक सामने आ चुके हैं। मौतों की संख्या हालांकि सरकारी रिकॉर्ड में सात है।

Related Posts