Explosion In Benin! ईंधन डिपो में ब्लास्ट के बाद लगी भीषण आग, हादसे में दो बच्चों सहित 34 लोगों की मौत

बेनिन, नाइजीरिया की सीमा के पास बेनिन में ईंधन डिपो (Fuel Depot) में आग लगने के बाद धमाका हो गया। इस हादसे में 34 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं।

समाचार एजेंसी एएफपी ने यह जानकारी दी है। सरकारी अधिकारी और निवासियों ने एएफपी को बताया कि प्रतिबंधित ईंधन डिपो में आग लगने के बाद विस्फोट हो गया, जिसके कारण आसमान में धुएं का काला बादल छा गया।

हादसे में दो बच्चों सहित 34 लोगों की मौत

बेनिन के आंतरिक मंत्री अलसाने सेइदौ ने बताया कि शहर में एक ईंधन डिपो में भीषण आग लग गई है। हालांकि, यह आग कैसे लगी इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने इस हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि आग की चपेट में आने से दो बच्चों सहित कुल 34 लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि इस हादसे में 20 लोग घायल भी हुए हैं, जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है और इनमें से कई लोगों के हालत गंभीर है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि बेनिन शहर के सेमे पोडजी में एक प्रतिबंधित ईंधन डिपो चल रहा था। डिपो पर मोटरसाइकिल और तिपहिया टैक्सियां ​​ईंधन भरवाने के लिए आई हुई थी। मालूम हो कि नाइजीरिया एक प्रमुख तेल उत्पादक देश है और इसके अंदर और इसकी सीमाओं पर ईंधन की तस्करी होती रहती है, जिसके कारण अवैध रिफाइनरियों, ईंधन डंप और पाइपलाइनों के कारण यहां पर आग लगने की घटनाएं सामने आती रहती है।

Related Posts