18 अक्टूबर तक यूपी पुलिस के सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की छुट्टी तत्‍काल प्रभाव से रद्द

लखनऊ। आगामी त्‍योहारों और संयुक्त किसान मोर्चा के प्रस्तावित कार्यक्रमों के मद्देनजर 18 अक्टूबर तक यूपी पुलिस के सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की छुट्टी तत्‍काल प्रभाव से रद्द कर दी गई है।

यूपी के एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार की ओर से रविवार शाम को इस बारे में आदेश जारी कर दिया गया है।

आदेश में कहा गया है कि, आगामी त्योहारों और संयुक्त किसान मोर्चे के प्रस्तावित कार्यक्रमों को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस अपने सभी कर्मचारियों की छुट्टियां 18 अक्टूबर तक रद्द करती है। न टालने योग्य कारण बताए जाने पर ही छुट्टी दी जाएगी। छुट्टी पर जाने की इजाजत मुख्यालय से लेनी होगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया जाता है।

आपको बता दें कि, पूरा देश नवरात्रि का पावन पर्व मना रहा है। नवरात्रि के दौरान विभिन्न स्थानों पर दुर्गा पूजा पंडाल लगाए जा रहे हैं और रामलीला का मंचन भी किया जा रहा है। त्योहारों को देखते हुए मंदिरों, दुर्गा पूजा पंडालों, रामलीलाओं, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़भाड़ बढ़ने की संभावना है।

इस बीच संयुक्त किसान मोर्चा ने आंदोलन की घोषणा की है और इससे कानून व्यवस्था के मोर्चे पर चुनौती और बढ़ गई है, जिसे देखते हुए यूपी पुलिस ने छुट्टियों को रद्द करने का फैसला किया है।

Related Posts