मंत्री का बेतुका बयान, प्रति व्यक्ति आय के हिसाब से पेट्रोल-डीजल के दाम अभी कम हैं : उपेंद्र तिवारी

लखनऊ, देशभर में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर जनता के बीच आक्रोश बढ़ रहा है, वहीं यूपी में योगी सरकार के एक मंत्री ने ऐसा बयान दिया है, जिससे जनता काफी गुस्से में है।

दरअसल योगी सरकार में खेल युवा कल्याण व पंचायती राज मंत्री उपेंद्र तिवारी ने कहा है, ‘देश में 95% जनता पेट्रोल-डीजल का उपयोग ही नहीं करती, प्रति व्यक्ति आय के हिसाब से पेट्रोल-डीजल के दाम अभी कम हैं।’

उन्होंने ये बयान जालौन में दिया है। जिसके बाद उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उन्होंने कहा कि केवल मुट्ठी भर लोग ही चार पहिया की गाड़ी चलाते हैं। उन्हें ही पेट्रोल की आवश्यकता होती है। 95 प्रतिशत लोगों को पेट्रोल की आवश्यकता नहीं होती। उन्होंने कहा कि अगर आप ईंधन की कीमत की प्रति व्यक्ति आय से तुलना करें, तो कीमतें अब भी बहुत कम हैं। डीजल-पेट्रोल के दामों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।

उन्होंने पेट्रोल-डीजल के मुद्दे के लिए विपक्ष को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष इसका प्रोपेगैंडा बना रहा है। देश में तो लोगों की आमदनी बढ़ी है, उस हिसाब से डीजल-पेट्रोल के दाम बहुत कम हैं। बता दें कि उपेंद्र तिवारी जालौन के उरई में आजादी के 75वें साल पर अमृत महोत्सव समारोह में संगोष्ठी को संबोधित करने आए थे, इसी दौरान उन्होंने ये विवादित बयान दिया। इसके अलावा उन्होंने योगी सरकार की उपलब्धियों का भी बखान किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। योगी सरकार में विकास की गंगा बह रही है।

उपेंद्र तिवारी के इस बयान की सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हो रही है।

Related Posts