राज ठाकरे और उनकी मां कुंडा ठाकरे कोरोना वायरस से संक्रमित, लगवा चुके थे दोनों डोज़

मुम्बई महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे और उनकी मां कुंडा ठाकरे जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। BMC के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों को हल्के लक्षण हैं।

उन्हें दादर स्थित उनके घर में आइसोलेशन में रहने को कहा गया है। निगम के अधिकारियों का कहना है कि राज ठाकरे और उनकी मां ने कोरोना की दोनों वैक्सीन ले रखी हैं।

ठाकरे के एक वरिष्ठ सहयोगी ने उनके संक्रमित होने की पुष्टि की है। ठाकरे ने हाल में नासिक, पुणे और ठाणे का दौरा किया था। अगले साल होने वाले निकाय चुनाव से पहले मुंबई में पार्टी नेताओं से मुलाकात की थी। ध्यान रहे कि राज ठाकरे मास्क न पहनने को लेकर अक्सर चर्चाओं में रहे हैं। उन्होंने सार्वजनिक तौर पर भी कहा था कि मास्क में उनका यकीन नहीं है। इसे लेकर उनकी कई लोगों ने आलोचना भी की थी।

उधर, राज ठाकरे ने अपने सभी राजनीतिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। 23 अक्टूबर को उनकी मुंबई के भांडुप में रैली थी, लेकिन यह रैली रद्द कर दी गई है। राज ठाकरे का एक बार फिर पुणे दौरा होने वाला था। इस दौरे की तारीख भी आगे खिसका दी गई है। यह दौरा तबीयत खराब होने की वजह से आगे खिसकाया गया था। अब उनके कोरोना संक्रमित होने की खबर सामने आई है। मुंबई में भी एमएनएस नए कार्यकर्ताओं की भर्ती की मुहिम चला रही थी। राज ठाकरे के कोरोना संक्रमित होने की वजह से सारे कार्यक्रम स्थगित हो गए हैं।

Related Posts