कल्याण सिंह को देखकर बोली उमा भारती, मुझे यकीन है कि वो जल्द ठीक होकर घर आएंगे

लखनऊ , उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भाजपा नेता कल्याण सिंह बीते कई दिनों से काफी बीमार हैं। वह प्रदेश की राजधानी लखनऊ में संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SGPGIMS) में उपचार हेतु भर्ती है। ऐसे में आज भाजपा नेता उमा भारती उन्हें देखने व हालचाल लेने अस्पताल पहुंची हैं। कल्याण सिंह से मिलने के बाद उन्हाेंने कहा कि आदरणीय कल्याण सिंह जी मेरे बड़े भाई जैसे हैं। वह भाजपा के महान नेताओं में से हैं और इधर काफी दिनों से अस्वस्थ हैं। मैं उनसे मिलने आई हूं, मुझे यकीन है कि वह ठीक हो जाएंगे और बहुत जल्द घर लौट आएंगे। उन्होंने साथ ही यह कहा कि भारत की राजनीति में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है।

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में जानकारी ली। मंगलवार को अस्पताल के बुलेटिन के अनुसार, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह की स्वास्थ्य स्थिति अभी भी गंभीर है और वह लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर एडमिट हैं।

अस्पताल ने कहा, वह लगातार डायलिसिस पर हैं। सीसीएम, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, एंडोक्रिनोलॉजी और नेफ्रोलॉजी के सीनियर फैकल्टी लगातार उनके उपचार की निगरानी कर रहे हैं और उनके स्वास्थ्य से संबंधित सभी मापदंडों पर कड़ी नजर रख रहे हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लगातार उनका हालचाल ले रहे हैं। हाल ही में पीएम ने कल्याण सिंह के बेटे राजवीर से फोन पर बाती की थी।

Related Posts