आगरा, उत्तर प्रदेश के आगरा में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया था। जिले की यमुना नदी में नहाते समय छह लड़कियां डूब गई थीं। जिनमें से चार की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं दो को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
हालांकि बाद में उन्होंने भी दम तोड़ दिया। एक ही परिवार में छह मौतों से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। मृतकों में तीन सगी बहनें, एक चचेरी बहन, एक मौसेरी बहन और एक रिश्तेदार थी। शादी की खुशियां मातम में तब्दील मिली जानकारी के मुताबिक, इलाज के दौरान जिस लड़की की मौत हुई उसकी अगले हफ्ते शादी होनी थी।
यानी कि जिस घर में बारात आनी थी, उस घर के आंगन में छह लाशें आईं और शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। जिसने भी ये मंजर देखा उसका कलेजा फट गया। पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपये सहायता राशि देने का ऐलान बता दें कि आगरा के डीएम ने सभी पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपये सहायता राशि देने का ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को मृतकों के परिवार को हर संभव मदद दिलाने का निर्देश भी दिया है। कैसे हुआ दर्दनाक हादसा पूरा मामला थाना सिकंदरा क्षेत्र के नगला नाथू मौजा स्वामी का है। मंगलवार को करीब 10 बजे ये सभी लड़कियां नहाने के लिए यमुना नदी में उतरी थीं।
नहाने के दौरान वो गहरे पानी में चली गईं। जिससे एक-एक कर वह डूबने लगीं। लड़कियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही आनन-फानन में पुलिस फोर्स यमुना किनारे पहुंची।
गोताखोरों को बुलाकर तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन तब तक सभी लड़कियां डूब चुकी थीं। काफी देर की मशक्कत के बाद चार लड़कियों को बाहर निकाला गया और बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाकि बची दो लड़कियों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मगर दोपहर के बाद उन दोनों ने भी दम तोड़ दिया। जिसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल, प्रशासन ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के पहले का वीडियो वायरल आपको बता दें कि हादसे से पहले तीनों लड़कियों ने रील बनाकर खूब मौज मस्ती की थी।
जिसका वीडियो भी अब सामने आया है। जिसमें सभी लड़कियां अठखेलियां करते हुए दिखाई दे रही हैं। फिर वो गहरे पानी में चली गईं और डूबने से उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान दिव्या उम्र 14, संध्या उम्र 12, शिवानी उम्र 17, नैना उम्र 14, सोनम उम्र 12 और मुस्कान उम्र 18 के रूप में हुई है। मुस्कान की ही अगले हफ्ते शादी होने वाली थी।