कल्याण सिंह के सम्मान में उत्तर प्रदेश में 3 दिन का राजकीय शोक, 23 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा

लखनऊ, बाबारी मस्जिद विध्वंस के बाद उत्तर प्रदेश सहित देश में भारतीय जनता पार्टी को सत्ता दिलाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का निधन हो गया अंत्येष्टि 23 अगस्त की शाम उनके पैतृक गांव अतरौली के नरौरा में गंगा घाट पर होगी।

इस दिन पूरे यूपी में सार्वजनिक अवकाश भी रहेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह के निधन की आधिकारिक जानकारी देते हुए प्रदेश में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि रविवार की शाम कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर अलीगढ़ ले जाया जाएगा। लोगों के दर्शन के लिए वहां स्टेडियम में व्यवस्था हो रही है। अगले दिन सोमवार 23 अगस्त को पार्थिव शरीर उनकी जन्मभूमि और कर्मभूमि अतरौली लाया जाएगा। यहां लोगों के दर्शन के बाद नरौरा में गंगा किनारे अंतिम संस्कार किया जाएगा।

कल्याण सिंह के निधन की खबर मिलते ही शनिवार की देर शाम सीएम योगी पीजीआई पहुंचे। कल्याण सिंह के निधन की घोषणा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ सदस्य कल्याण सिंह जी हमारे बीच नहीं रहे। दो महीने से कल्याण सिंह जी बीमार थे। रात सवा नौ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

सीएम योगी ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान कल्याण सिंह ने जो आदर्श प्रस्तुत किये वो आज भी मानक बने हुए हैं। वह श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के अग्रणी नेता थे। राममंदिर के लिए सत्ता छोड़ने में भी संकोच नहीं किया। बाबरी मस्जिद गिरने पर नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दिया था। कल्याण सिंह का जाना न केवल समाज बल्कि भारतीय राजनीति की भी बड़ी क्षति है।

सीएम योगी ने बताया कि आज रात ही या सुबह कैबिनेट की बैठक में शोक प्रस्ताव के साथ ही कल्याण सिंह के निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक का प्रस्ताव रखा जाएगा। 23 अगस्त को अंत्येष्टि के दिन सार्वजनिक अवकाश भी रहेगा। सीएम योगी ने कल्याण सिंह के परिवार के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनसे लगातार संपर्क में हम लोग हैं। कल्याण सिंह ने जो सपना देखा उसे पूरा करने में हम लोगों ने ताकत लगा दी है।

Related Posts