लखनऊ, प्रदेश में ठंड ने अब तक अपनी पूरी पकड़ नहीं बनाई है, लेकिन मौसम शुष्क और ठंडा बना हुआ है। देर रात और सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा है, जबकि दिन में धूप खिली हुई है।
21 दिसंबर तक मौसम ऐसे ही रहेगा।
22 दिसंबर से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट हो सकती है। इससे पूस की रातें और भी सर्द हो सकती है। साथ ही ठिठुरन भी बढ़ सकती है। दिसंबर के मध्य में भी ठंड अपने चरम पर नहीं पहुंच पाई है, जिससे लोग इसे ‘धीमी ठंड’ कह रहे हैं।
कई लोगों का कहना है कि सुबह और रात की ठंडक तो है, लेकिन दिन में धूप और अपेक्षाकृत गर्म मौसम ने ठंड का असर कम कर दिया है। बुधवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक था।
वहीं, न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक था। गुरुवार को भी तापमान इसी के आसपास रहेगा। मौसम विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह का कहना है कि 21 दिसंबर तक मौसम में परिवर्तन नहीं दिख रहा है।
वहीं गोंडा में गलन ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। न्यूनतम तापान सात डिग्री सेल्सियस से नीचे है। दिन में धूप व सुबह-शाम गलन होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कोहरे के कारण यात्रियों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। डीएम ने नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
बुधवार को सुबह कोहरा छाया रहा। गलन होने के कारण लोगों को ठंड से परेशान दिखे। लोग घरों के बाहर अलाव तापते नजर आए। धूप निकलने पर लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली। शाम होते ही ठंड का असर बढ़ गया। डीएम नेहा शर्मा ने शीतलहर व धुंध के दौरान आवागमन में सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि धुंध के दौरान वाहन का संचालन कम करें, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें, बाहर न टहलें बल्कि, घर पर ही व्यायाम करें।
डीएम ने कहा कि शीतलहर के दौरान पशुओं का भी ध्यान रखें। गर्म आश्रय दें, गुनगुना पानी पिलाएं, व्यवस्थित धूप में रखें और ठंड से बचाने के उपाय करें। एडीएम आलोक कुमार व जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव ने शहर में रैन बसेरा व अलाव का जायजा लिया। ठंड से बचाव के लिए जरूरतमंदों को कंबल वितरित करने के निर्देश दिए। उधर, तरबगंज में सामाजिक कार्यकर्ता घनश्याम जायसवाल ने 30 रिक्शा चालकों को कंबल वितरित किया। उन्होंने कहा कि ठंड में जरूरतमंद की सेवा करना पुनीत कार्य है।
वहीं शाहजहांपुर में पुरवा हवा से 21 दिसंबर तक मौसम खुशगवार रहेगा। अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक व न्यूनतम सामान्य के इर्द गिर्द रहेगा, लेकिन इस दौरान कोहरा आफत बन सकता है। रुहेलखंड क्षेत्र में कोहरे की सघनता से दृश्यता शून्य तक आ सकती है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव खत्म होने पर 22 से 24 के बीच तापमान में गिरावट दर्ज होगी और फिर से ठिठुरन बढ़ जाएगी।
बुधवार को भी चटख धूप से अधिकतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से मात्र 0.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सुबह के समय कोहरा का प्रभाव भी बना रहा।
राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण हवा का रुख अभी भी पुरवा बना हुआ है। इस कारण तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। 22 दिसंबर से हवा का रुख फिर से पछुआ होने पर तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी। 24 दिसंबर तक चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है। उन्होंने कोहरा की सघना बढ़ने के भी संकेत दिए हैं।