भिंड-ग्वालियर हाइवे पर हुआ दर्दनाक हादसा, महिला समेत सात लोगों की मौके पर ही मौत

ग्वालियर, मध्य प्रदेश के भिंड-ग्वालियर हाइवे पर आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक बस और कंटेनर की भिड़ंत हो गयी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही महिला समेत सात लोगों की जान चली गई।

वहीं कई गंभीर रूप से जख्मी हो गए जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह हादसा गोहद थाना के डांग बिरखडी के पास हुआ है।

जानकारी के मुताबिक बस ग्वालियर से बरेली जा रही थी। हादसा होते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के इलाके के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने हादसे पर दुःख जताया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी किये गए ट्वीट में कहा गया है कि, “सीएम शिवराज सिंह ने भिंड जिले के गोहद हाईवे पर हुई सड़क दुर्घटना में 7 अमूल्य जिंदगियों के असमय निधन पर गहरा शोक जताया है। सीएम ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवारों को यह आघात सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।”

मुख्यमंत्री ऑफिस ने जानकारी दी है कि मुख्यमंत्री की तरफ से पीड़ितों को यथोचित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गए हैं। सीएम ने दुर्घटना में घायल 15 नागरिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही स्थानीय प्रशासन द्वारा राहत कार्य तत्परता से जारी है। रेड क्रॉस द्वारा घायलों को त्वरित सहायता के रूप में 5000 रुपए की राशि उपलब्ध कराई गई है।

Related Posts